बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में प्रेशरहॉर्न और मल्टीटोन हॉर्न पर तत्काल रोक लगाकर इसका इस्तेमाल करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करें। नेशनल हाईवे-34 को 6 लेन में परिवर्तित करने का शासन को प्रस्ताव भेजा जाए। ये निर्देश मंडलायुक्त शरद कुमार सिंह ने दिए हैं। डीआईजी दीपक कुमार ने वाहनों से हूटर हटवाने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को मयूर भवन सभागार में मंडलस्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंडलायुक्त ने संयुक्त शिक्षा निदेशक के बैठक से अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडल के सभी जिलों में प्रेशरहॉर्न और मल्टीटोन हॉर्न रोकने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। जिन वाहनों में ये हॉर्न लगे हों, उनके खिलाफ कार्रवाई हो, ताकि ध्वनि प्रदूषण कम हो।
आयुक्त ने रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए कि बस दुर्घटनाओं में हुए घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। पुराने प्रकरण लंबित होने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना में घायल यात्रियों को गोल्डन आवर्स में चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए उपकरणों से सुसज्जित एंबुलेंस 108 उपलब्ध कराई जाए। परिवहन अधिकारियों से कहा कि हमीरपुर और चित्रकूट में एआरटीओ कार्यालय के लिए जमीन की कार्रवाई करें। रोडवेज बस स्टैंड के आसपास खड़े होने वाले डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई की जाए।
डीआईजी दीपक कुमार ने निर्देश दिया कि वाहनों पर अवैधानिक ढंग से लगे हूटरों को हटवाया जाए। ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेेशन कराया जाए और जो ई-रिक्शा मानक के मुताबिक नहीं हैं उन पर कार्रवाई हो। मुकदमों से संबंधित थानों में जमा वाहनों को डिस्पोज करने के निर्देश दिए। डीएम हीरालाल ने कहा कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट योजना बनाना जरूरी है।
अपर एसपी एलबीके पाल ने कहा कि जिन सड़कों में अतिक्रमण है उन्हें हटाने के लिए संयुक्त टीम बनाई जाए। आरटीओ (प्रवर्तन) देवमणि भारतीय ने बैठक का संचालन किया। बताया कि हमीरपुर और महोबा में 4-4 ब्लैक स्पॉट पर एनएचएआई ने कार्रवाई की है। 4170 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ 13 लाख 93 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।
बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. राकेश रमन, वन संरक्षक केके सिंह, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता एमसी जैन, संयुक्त कृषि निदेशक वीके सिंह, उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव सहित अधिकारी उपस्थित रहे।