क्रिकेट प्रतियोगिता के पूर्व राष्ट्रगान गाते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच सनी स्पोर्टिंग क्रिकेट क्लब ने एमसीसी क्रिकेट क्लब को 40 रनों से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में 8 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। बुधवार को क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय जनपद स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरूआत खिलाड़ियों द्वारा किए गए सामूहिक राष्ट्रगान से हुई। उद्घाटन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी आरडी यादव ने किया।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनी स्पोर्टिंग क्लब ने अमित के 35 और हैदर के 20 रनों की बदौलत निर्धारित 15 ओवर में 99 रनों का स्कोर बनाया। एमसीसी के बालर हरिओम ने तीन विकेट लिए। जवाब में एमसीसी क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 59 रनों पर सिमट गई। बल्लेबाज विशाल ने 29 रनों का योगदान दिया। सनी स्पोर्टिंग क्लब के गेंदबाज अक्षांक तीन खिलाड़ियों को आउट किया। जिला क्रीड़ाधिकारी केपी सिंह ने बताया कि जनपद स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच 2 दिसंबर को खेला जाएगा। इस मौके पर डीसीए अध्यक्ष विनोद यादव, पुष्कर द्विवेदी, शैलेंद्र कुशवाहा, क्रिकेट कोच जितेंद्र यादव, जावेद अहमद, कमल किशोर यादव, नागेंद्र आदि उपस्थित रहे।