फोटो-34-स्कूल में छात्रों से सवाल करते आयुक्त अजीत कुमार। स्रोत: प्रशासन
बांदा। कक्षा में पढ़ाई का हाल जानने के लिए आयुक्त ने विद्यार्थियों से सवाल पूछे तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इससे विद्यालय में शिक्षण कार्य की गुणवत्ता की हकीकत सामने आ गई।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने प्रधानाध्यापक को चेतावनी दी और विद्यार्थियों का शैक्षिक स्तर सुधारने के निर्देश दिए। शनिवार को तहसील पैलानी के दोहतरा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में कक्षा छह का फर्श खराब और विद्युत बल्ब बंद मिले।
आयुक्त ने कक्षा की मरम्मत और विद्युत व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। आयुक्त ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, मध्याह्न भोजन और बच्चों के बैठने के लिए डेस्क की व्यवस्था देखी, जो संतोषजनक मिली। आयुक्त ने दोहतरा स्थित पशु सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र बंद मिला और भवन भी जर्जर अवस्था में पाया गया।
इस पर उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, बांदा से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। आयुक्त ने दोहतरा के पंचायत भवन का निरीक्षण किया। परिसर अव्यवस्थित मिलने पर नाराजगी जताते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
-