कलक्ट्रेट के पास हाईवे पर धरना देकर जाम लगाए छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
एक तरफ कई राजनीतिक दल ईंधन और महंगाई के विरुद्ध ‘बंद’ में जुटे थे तो दूसरी तरफ सियारी दलों से दूरी बनाए कई स्कूल-कालेजों के छात्र मंडल मुख्यालय में आरक्षण के विरुद्ध मोर्चा खोले थे। दोपहर बाद छात्रों का जत्था कालूकुआं से आरक्षण और एससीएसटी एक्ट के विरुद्ध नारे लगाता हुआ कलक्ट्रेट के पास अशोक लाट पहुंचा। यहां देर तक नेशनल हाईवे पर धरना देकर लगभग 30 मिनट जाम लगा दिया।
इस दौरान पूरे समय आरक्षण बंद करो और एससीएसटी एक्ट वापस लो के नारे गूंजते रहे। छात्रों ने प्रदर्शन के अंत में प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को सामूहिक मांग पत्र भेजकर आरक्षण और एससीएसटी एक्ट खत्म करने की मांग की। छात्रों की अगुवाई कानपुर के एक महाविद्यालय में पढ़ रहे बांदा के छात्र ऋतुराज सिंह और जेएन डिग्री कालेज के छात्र रुद्र प्रताप सिंह आदि कर रहे थे।
बउवा यादव, प्रबल प्रताप, सत्यम दुबे, आशुतोष आदि छात्र भी शामिल रहे। इस दौरान पुलिस का कहीं अता-पता नहीं रहा। छात्र नेताओं ने बताया कि कालूकुआं पुलिस चौकी को अपने प्रदर्शन और मांगों संबंधी जानकारी लिखित रूप से दी थी।