बांदा। शहर के परशुराम तालाब के समीप गुजरी रेलवे लाइन के पास रखे स्लीपर (पत्थर) में दब जाने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परशुराम तालाब निवासी छात्र आशीष वर्मा (8) पुत्र रामबिहारी शुक्रवार की शाम करीब सात बजे घर के पास खेल रहा था। वह रेलवे लाइन में लगाने के लिए रखे स्लीपरों के बगल से गुजरा, तभी स्लीपर उसके ऊपर जा गिरा। स्लीपर में दब जाने की वजह से छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आनन-फानन परिजन छात्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां पर ट्रामा सेंटर में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दादा रामंचद्र ने बताया कि आशीष कक्षा पांच में पढ़ता था। तीन भाइयों में सबसे छोटा था। (संवाद)