बांदा। मोड़ पर बाइक रोककर खड़े बाइक सवार को सामने से आई दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर घायल हो गए। परिजन उन्हें कानपुर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र के महादेवन पुरवा रसिन निवासी बच्चू ने बताया कि उनके चचेरे भाई नत्थू (28) सोमवार को कुल्हुवां मोड़ पर गए थे। साढ़ू का ऑटो खराब होने पर उन्होंने फोन करके नत्थू को बुलाया था। नत्थू बाइक से कुल्हुवां मोड़ पर पहुंचे और बाइक रोककर फोन से बात करने लगे। इस बीच सामने से आई दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में नत्थू गंभीर घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर कानपुर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उनकी शाम चार बजे मौत हो गई। परिजन शव लेकर मेडिकल कॉलेज बांदा आए। यहां उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वह अहमदाबाद में एक कंपनी में काम करते थे। उनके एक बेटी व गर्भवती पत्नी केशकली हैं।
शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि हादसा चित्रकूट में हुआ है। परिजन मेडिकल कॉलेज में शव लेकर आए थे, इसलिए यहां पोस्टमार्टम कराया गया है।