बांदा। भागवत प्रसाद क्रिकेट लीग में सोमवार को तीसरे दिन आईएएसबी और बीपीएमए टीमों ने अपने मैच में जीत हासिल की। पहले मैच के मैन ऑफ द मैच शाह अली और दूसरे में रविंद्र रहे।
बीपी मेमोरियल अकादमी (श्रीनाथ विहार) में चल रहे लीग मैचों में पहले मैच में आईएएसबी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 180 रनों का स्कोर बनाया। माही ने 59 और अस्मित सिंह ने 34 रन बनाए। बॉलर वैभव यादव और विकास सिंह ने 2-2 विकेट गिराए। लक्ष्य हासिल करने पिच पर आई बीपीएमआईसी टीम सिर्फ 45 रनों पर ही आल आउट हो गई। आईएएसबी के बॉलर सैफ खां और शाह अली ने 4-4 विकेट लिए। आईएएसबी ने यह मैच 135 रनों से जीत लिया। शाह अली को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरे मैच में टॉस जीतकर बीपीएमए टीम ने पहले फील्डिंग की। बल्लेबाजी कर रही टीजीएसआई टीम 14 ओवर में 100 रन ही बना पाई। उत्तम ने 22 और अयांश सिंह ने 24 रन बनाए। बीपीएमए के राहुल गुप्ता और रविंद्र ने 3-3 विकेट लिए। लक्ष्य हासिल करने को पिच पर आई बीपीएमए टीम ने सिर्फ 9 ओवर में ही लक्ष्य हासिल करके मैच जीत लिया। राहुल गुप्ता ने 69 और आकाश यादव ने 19 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच रविंद्र रहे। स्कोरर वैभव त्रिवेदी व शुभम दुबे और अंपायर वेद प्रकाश, अमन सिंह परिहार व दीपेंद्र रहे। बीपी क्रिकेट अकादमी के चेयरमैन अंकित कुशवाहा, डीसीए सचिव वासिफ जमां खां, कबड्डी कोच कमल सिंह यादव सहित संजय काकोनिया, अभिषेक तिवारी, प्रवीण धुरिया, सादिक अली आदि मौजूद रहे।