पुलिस कार्यालय आए गिरवां गांव के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। पखवारे भर पहले स्कूल जा रही बालिका को बालू भरे ट्रैक्टर द्वारा रौंदने के मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। बालू माफिया पर पुलिस के मेहरबान होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। घायल छात्रा के स्कूल की छात्राएं भी शामिल रहीं। एसपी ने खुरहंड चौकी प्रभारी को तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
गिरवां थाना क्षेत्र के सौंता स्योढ़ा गांव के पप्पू समेत ग्रामीणों ने एसपी को बताया कि 17 वर्षीय मंजू देवी नौ अगस्त को अपने स्कूल जनता इंटर कालेज खुरहंड पैदल जा रही थी। बांसी और खुरहंड गांवों के बीच पीछे से आए बालू भरे ओवरलोड ट्रैक्टर ने रौंद दिया। ट्रॉमा सेंटर से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। पिता ने बताया कि चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
पुलिस ने बालू भरा ट्रैक्टर खुरहंड चौकी में खड़ा करा लिया, जो आज भी वहां खड़ा है। ट्रैक्टर मानपुर कोलावलपुर के राममनोहर पुत्र बाबूलाल का बताया गया है। ग्रामीणों ने एसपी को बताया कि खुरहंड पुलिस बालू का अवैध खनन करने वालों पर मेहरबान है। इस कारण अब तक रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।
एसपी राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने खुरहंड चौकी प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। उधर, पुलिस कार्यालय में ग्रामीणों के जत्थे से क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार और सिविल लाइन चौकी इंचार्ज एके सिंह ने भी बात की।