बांदा। जिले में कई दिनों से तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण पर गाइडलाइन का अमल कराने को मंडलायुक्त और आईजी खुद निकल पड़े। डीएम और एसपी संग लाव लश्कर भी साथ था। आयुक्त और आईजी ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि बिना मास्क किसी ग्राहक को दुकान में न घुसने दें। न उसे सामग्री दें। खुद भी पूरे समय मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं। बिना मास्क वाले दुकानदार की दुकान एक हफ्ते के लिए बंद करा दी जाएगी।
अफसरों ने बगैर मास्क घूमने वालों को भी खबरदार किया और कई लोगों को मास्क पहनाए। संक्रमितों का आंकड़ा खतरनाक स्थिति पर पहुंचने के बाद शनिवार से मंडल मुख्यालय बांदा शहर में रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। जनपद में तीन दिनों से लगातार एक सैकड़ा से ज्यादा संक्रमित नए मरीज मिल रहे हैं। सक्रिय संक्रमित 600 का आंकड़ा पार कर गया। देर रात कर्फ्यू के दौरान एसपी व डीएम ने शहर का भ्रमण किया। रविवार को दोपहर कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह, आईजी के. सत्यनारायणा, डीएम आनंद कुमार सिंह, एसपी डा. एसएस मीणा कई अफसरों और पुलिस लाव-लश्कर के साथ शहर में निकल पड़े। लाउडस्पीकर पर आयुक्त और आईजी ने खुद दुकानदारों को आगाह किया कि बिना मास्क वाले ग्राहकों को सामग्री न दें।
अफसरों ने साथ ही 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए कि बिना मास्क वाले दुकानदारों की दुकानें एक हफ्ते के लिए बंद करा दी जाएं। आम नागरिकों से भी कोरोना से बचने और गाइडलाइन का पालन करने को कहा। अफसरों की टीम ने बिना मास्क के घूम रहे तमाम लोगों को खबरदार किया। कुछेक को खुद मास्क पहनाए। डीएम ने बचाव के तरीके बताए। ऐसे कई लोगों का पुलिस ने चालान किया। सब्जी मंडी के पास पॉलिथीन विक्रेता अशोक कुमार पर आयुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम में एडीएम संतोष बहादुर सिंह, सीएमओ डा.एनडी शर्मा, अपर एसपी महेंद्र प्रताप चौहान सहित सीओ सिटी, कोतवाली प्रभारी आदि शामिल रहे।
इंसेट---
अचानक कर्फ्यू के एलान से अफरातफरी
बांदा। अचानक चंद घंटे पहले रात्रिकालीन कर्फ्यू के एलान से मुख्यालय बांदा शहर में अफरातफरी जैसी स्थिति रही। लोग आनन-फानन अपने ठिकानों पर पहुंचने और दुकानें आदि बंद करने में जुट गए। उधर, पुलिस के वाहनों का काफिला हूटर बजाता और माइक पर लोगों को हड़काता निकल पड़ा। 9 बजे के बाद भी कई लोग घर नहीं पहुंच पाए। ऐसे लोगों को रास्तों और चौराहों में पुलिस की धौंस-धमकी और बदसलूकी का शिकार होना पड़ा। उधर, रात करीब 10 बजे डीएम आनंद कुमार सिंह और एसपी डा. एसएस मीणा भारी पुलिस फोर्स के साथ शहर में निकल पड़े। अलीगंज पुलिस चौकी के पास कुछ देर पड़ाव रहा। कर्फ्यू शुरू होने के बाद सड़कों पर निकलने वालों को अफसरों ने भी रोका-टोका। मास्क लगाने की भी ताकीद की।