बांदा। स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद के लिए
हो रहे चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई।
शुक्रवार को सपा प्रत्याशी रमेश मिश्रा ने सादगी के साथ अपना पर्चा दाखिल
कर इसकी शुरुआत की।
बांदा-हमीरपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन
क्षेत्र से विधान परिषद के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराए जा रहे हैं। नामांकन
प्रक्रिया चल रही है। पहला नामांकन सपा के रमेश मिश्रा ने दोपहर 12:40 बजे
एक सेट में एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस पांडेय को कलेक्ट्रेट
कक्ष में सौंपा।
एडीएम ने उन्हें संविधान और निर्वाचन आयोग के
आदेशों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की शपथ दिलाई। सपा प्रत्याशी मूल
रूप से हमीरपुर जनपद के मौदहा कस्बे के रहने वाले हैं।
वे
गिने-चुने समर्थकों और सपा नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और बिना किसी
तामझाम के सादगी से पर्चा दाखिल किया। उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष शमीम
बांदवी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा, महासचिव
राजेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह गौर, पीयूष गुप्ता, दिनेश शर्मा
दिन्ना, ओमप्रकाश खत्री भी थे।
सपा प्रत्याशी रमेश मिश्रा शैक्षिक
रूप से सिर्फ हाईस्कूल पास हैं। रिवाल्वर और राइफल खुद रखते हैं। पत्नी
हरीतिमा मिश्रा राइफल, पिस्टल और एकनली 12 बोर बंदूक की लाइसेंस धारक हैं।
दोनों के पास 700 ग्राम सोना और एक किलो चांदी है। इसकी कीमत 19 लाख रुपये
से अधिक है।
शुक्रवार को दाखिल किए नामांकन पत्र के साथ हलफनामे में
अपनी शैक्षिक, आर्थिक इत्यादि हैसियत का ब्योरा दिया है। नगदी में रमेश
मिश्रा के पास 50 हजार और उनकी पत्नी के पास 30 हजार रुपये हैं। बैंक में
उनका तीन लाख 21 हजार 840 और पत्नी का 31,540 रुपये जमा है।
तीन
लाख 32 हजार 251 रुपये के शेयर और पति-पत्नी के 11 लाख 10 हजार 898 रुपये
के बचत पत्र हैं। प्रत्याशी के पास एक स्कूटर और दो कारें हैं। इनकी कीमत
सात लाख 92 हजार रुपये बताई है। फ्लैट/जमीन हमीरपुर, कानपुर और नोएडा में
है।