बांदा। महज 10 रुपये किराए के विवाद में यात्री की नाक में मुक्का मारने से हुई मौत के मामले में पीड़ित परिवार के घर में शादी की तैयारियां टल गईं हैं। पिता की मौत से आहत पुत्र ने शादी की तिथि आगे बढ़ाने के लिए कहा है। उधर, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला है। हालांकि पुलिस के हाथों कोई सुराग नहीं लग सका है। आरोपी अज्ञात ई रिक्शा चालक अब भी फरार है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बिजली खेड़ा मोहल्ला निवासी राजबहादुर (50) शुक्रवार को सुबह अपने बड़े बेटे राजाबाबू की शादी का कार्ड बांटने के लिए मध्य प्रदेश के गौरिहार गांव जाने के लिए घर से निकला था। उसने बिजली खेड़ा मोहल्ले से ई रिक्शा किया था। अभी वह ई रिक्शा में बैठकर चंद कदम पंडित जेएन डिग्री कॉलेज रोड पर चला ही था, कि उसका ई रिक्शा चालक से किराए को लेकर विवाद हो गया।
ई रिक्शा चालक उससे 20 रुपये मांग रहा था। उन्होंने 10 रुपये देने की बात कही थी। इस बात को लेकर ई रिक्शा चालक ने राजबहादुर की नाक में मुक्का मार दिया था। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के तीसरे दिन रविवार को पुत्र राजाबाबू ने बताया कि उसकी 19 फरवरी को हमीरपुर के रागौल कस्बा में शादी थी।
उन्होंने फिलहाल शादी की तिथि को टाल दिया है। उधर, शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। आरोपी ई रिक्शा चालक का पता नहीं चल सका है। पुत्र की ओर से अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।