कमासिन। दुकान बंद कर बाइक पर गांव जाते समय सर्राफा व्यवसायी को रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। लगभग छह लाख रुपये का सोना, चांदी से भरा बैग लेकर बदमाश भाग निकले।
थाना क्षेत्र के छिलोलर गांव निवासी राजेश सोनी की कस्बे में सर्राफा की दुकान है। रोजाना शाम को दुकान बंद कर वह गांव चला जाता था। मंगलवार को शाम रोज की तरह बाइक पर गांव जाते समय तेरा गांव मोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे रोक लिया और रुपये व सोना, चांदी से भरा बैग छीनकर ममसी गांव की ओर भाग निकले।
बदमाशों को पहचान लेने पर राजेश सोनी ने मर्का थाना क्षेत्र सांडासानी गांव निवासी विनय शर्मा व सत्य प्रकाश वर्मा के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बैग में छह किलो चांदी, 70 ग्राम सोना और 7500 रूपये नकद बताया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि दोंनो के विरुद्ध लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।