अतर्रा। बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने अन्ना मवेशियों के झुंड को कुचल दिया। लगभग छह अन्ना मवेशियों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा गायें घायल हो गईं। ग्रामीणों ने अफसरों को सूचना दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में रोष है।
अन्ना मवेशियों के संरक्षण के लिए जिले में 223 स्थायी व अस्थायी गोशाला, कान्हा गोशाला, कांजी हाउस सहित वृहद गोसंरक्षण केंद्र खुले हैं। इनके भरण पोषण में पिछले एक साल में करीब 26 करोड़ से अधिक रुपये खर्च कर दिए गए। इसके बाद भी हजारों की संख्या में अन्ना मवेशी सड़कों पर घूम रहे हैं। आए दिन मवेशी सड़क दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। सोमवार की सुबह नगनेधी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग में झुंड में बैठे अन्ना मवेशियों को तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने कुचल दिया। मौके पर छह गायों की मौत हो गई।
कई घायल अवस्था में पड़ी देर तक तड़पती रहीं। सूचना के बाद भी मौके पर किसी अधिकारी के न आने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। देर शाम तक शव सड़क से नहीं उठाए गए। मैकू रैकवार, रामखेलावन, भरतलाल, कल्लू, शंभू, श्याम, अरविंद, बसंत, शिवगोपाल आदि ने रोष जताया कि गोशालाएं नाम के लिए खुली हैं। 80 फीसदी अन्ना मवेशी सड़कों पर घूम रहे हैं। उधर, एसडीएम सौरभ शुक्ला का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। ईओ को भेजकर पशुओं के शवों को दफनाया और घायल मवेशियों का इलाज कराया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
--------------