शहर कोतवाली में पीड़ितों की शिकायत सुनते नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी व कोतवाल।
- फोटो : संवाद
बांदा। साहब मैं नेत्रहीन बैंककर्मी हूं और 10 माह से परेशान हूं। तीन बार प्रार्थना पत्र दे चुका हूं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। फतेहपुर की एक महिला ने विश्वास में लेकर मकान बनवाकर देने के नाम पर मेरे 20 लाख रुपये हड़प लिए हैं। अब वह धमका रही है। इसके अलावा रिटायर्ड शिक्षिका ने शिकायत की कि उसकी जमीन पर विपक्षी कब्जा कर रहे हैं। अफसरों ने दोनों पक्षों को सुनकर मामला एसडीएम को स्थानांतरित कर दिया। मामला सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन है।
शहर कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में जरैली कोठी मोहल्ला निवासी नेत्रहीन सुरेश कुमार ने बताया कि आर्यावर्त बैंक मवई बुजुर्ग में चतुर्थ श्रेणी कर्मी है। साल भर पहले फतेहपुर की महिला उसके घर किराए पर रहने लगी थी। उसे और पत्नी राधा को विश्वास में लेकर कहा कि वह उन्हें प्लाॅट या बना बनाया मकान दिला देगी। उससे डेढ़ लाख रुपये बयाना भी ले लिया। बाद में कहा कि बना बनाया मकान दिलवा देगीं। बैंक से लोन निकलवा लो। विश्वास में आकर बैंक से 20 लाख रुपये लोन ले लिया।
महिला उसका रुपया लेकर चली गई और अब दिल्ली में है। वहां से धमका रही है। इसकी शिकायत वह 13 अप्रैल 2024, तीन दिसंबर 2024 और 13 दिसंबर 2024 को कर चुका है। पुलिस अफसरों ने शिकायत सुनकर आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के धीरज नगर निवासी रिटायर्ड शिक्षिका बेवा रामबेटी ने बताया कि उसका जमीन का विवाद सिविल कोर्ट में चल रहा है। वर्ष 2014 में उसने जमीन ली थी, विपक्षी अब धमका रहे हैं। और जमीन पर मकान नहीं बनाने दे रहे। वहां मौजूद दूसरे पक्ष को सुनने के बाद अफसरों ने मामला एसडीएम को स्थानांतरित कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला, सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह, कोतवाल पंकज सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, डीआईजी अजय कुमार सिंह ने तिंदवारी थाना, जिलाधिकारी जे रीभा व पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कोतवाली देहात में शिकायतों को सुना। जनपद के सभी थानों में कुल 37 शिकायतें आईं, 14 का निस्तारण किया गया।