बांदा। जिला स्तरीय राइफल, पिस्टल और 12 बोर बंदूक की निशानेबाजी प्रतियोगिता गुरुवार 12 दिंसबर से होगी। पहले दिन अभ्यास सत्र और अगले दो दिन निशानेबाजी मुकाबला होगा। इसमें विभिन्न वर्गों के निशानबाज शामिल होंगे। विजेताओं को इनाम मिलेगा। कोई भी शस्त्र लाइसेंस धारक इसमें भाग ले सकेगा।
प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर डीएम हीरालाल की अध्यक्षता में उनके कैंप कार्यालय में बैठक हुई। डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के एक दिन पूर्व निशानेबाजी स्थल पर सफाई व्यवस्था कराई जाए। 12 दिसंबर को अभ्यास सत्र होगा। 13 को गिरवां थाना क्षेत्र में स्थित पुलिस के चांदमारी स्थल पर प्रतियोगिता होगी।
14 दिसंबर को हार्पर क्लब में एयर पिस्टल व एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता होगी। उद्घाटन डीएम हीरालाल अभ्यास सत्र के दिन सुबह 10: 30 बजे गिरवां में करेगे। प्रतियोगिता में पुरूष, महिला, बालक, बालिकाएं, अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार, एनसीसी कैड्टस, स्कूली छात्र-छात्राएं और लाइसेंसधारी शामिल हो सकेगे। इन सभी की अलग-अलग वर्गों में प्रतियोगिता होगी। पुरस्कार वितरण और समापन 14 को हार्पर क्लब में होगा।
बैठक में निर्देश दिए गए कि निशानेबाजी संचालन की व्यवस्था सचिव राइफल क्लब, नरैनी एसडीएम, जिला क्रीड़ा अधिकारी और शूटर रामेंद्र कुमार शर्मा व वासिफ जमा खां करेगे। प्रतियोगिता की सुरक्षा और हथियारों के इस्तेमाल के लिए पुलिस लाइन के क्षेत्राधिकारी, होमगार्ड कमांडेंट और शूटर वासिफ जमा को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बताया कि प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर सरकारी दरों में कारतूस दिए जाएगे। निशानेबाजी स्थल में एसडीएम नरैनी कु. वंदिता श्रीवास्तव, ग्राम्य विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, गिरवां ग्राम प्रधान प्रेमस्वरूप द्विवेदी व्यवस्थाएं करेंगे। प्रतियोगिता की व्यवस्था का संचालन कर रहे पूर्व प्रशासनिक अधिकारी सहित शस्त्र लिपिक विनोद कुमार और अमित सेठ भोलू आदि बैठक में उपस्थित रहे।