नरैनी। रिसौरा गांव में खेत की जोताई के दौरान शिवलिंग निकला। इससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग मौके पर पहुंचे।तहसील क्षेत्र अंतर्गत रिसौरा गांव में किसान दुर्गेश तिवारी रविवार को अपने खेत में ट्रैक्टर से जोताई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का कल्टीवेटर जमीन के अंदर दबे एक बड़े पत्थर में फंस गया। पहले इसे सामान्य पत्थर समझकर खोदाई शुरू की गई, लेकिन वहां से शिवलिंग निकलने पर सभी आश्चर्यचकित हो गए।
गांव के रामभद्र, उमेश सिंह, रमाशंकर, अनुज, गौतम, रामसेवक, नंदू, महिपाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि शिवलिंग काफी प्राचीन प्रतीत हो रहा है। किसान दुर्गेश तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से विधि-विधान के साथ भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित कर शिवलिंग की स्थापना कराई जाएगी।
प्राचीन होने का लगाया जा रहा अनुमान
ग्रामीणों का कहना है कि शिवलिंग लंबे समय से जमीन के भीतर दबा हुआ था। इसके स्वरुप को देखकर लोग इसे काफी प्राचीन बता रहे हैं। हालांकि इसकी वास्तविक प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।