अतर्रा। दो दिवसीय शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण शिविर के समापन दिवस पर मास्टर ट्रेनर पूनम सिंह ने सभी शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राप्त हुई जानकारी को अपने शिक्षण के दौरान उपयोग में लाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही युवाओं के संचार कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण जानकारी को सभी शिक्षकों तक साझा किया।
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार पर वाधवानी फाउंडेशन द्वारा शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को हुआ था, जिसमें चित्रकूट धाम मंडल के चारों जिले बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा के शासकीय अनुदानित इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, एवं आईटीआई संस्थानों के कुल 47 शिक्षकों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया था। प्रशिक्षण शिविर में सभी प्रतिभागी शिक्षकों को कॉलेज निदेशक प्रो एस.पी शुक्ला ने प्रतिभागी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मंडल के आईटीआई संयुक्त निदेशक राजेंद्र कुमार, आईटीआई बांदा प्रधानाचार्य प्रदीप अग्निहोत्री, सहित कॉलेज कुलसचिव डॉ आशुतोष तिवारी, डॉ अनुराग चौहान, डॉ अर्चना सिंह, गुरु शरण सिंह सहित आदि मौजूद रहे।