क्षेत्रीय खेलकूद में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते अतिथि व प्रधानाचार्य।
- फोटो : BANDA
बांदा। क्षेत्रीय खेलकूद रैली/युवक समारोह में फाइनल मुकाबले जीतकर बालक सीनियर वर्ग में आदर्श बजरंग इंटर कालेज का छात्र शैलेंद्र चैंपियन घोषित हुआ। उसने 200 और 400 मीटर की साधारण व बाधा दौड़ जीती। जूनियर बालक वर्ग में जीआईसी, बांदा के आवेश ने लंबी कूद, श्रीचंद्र ने दौड़ व त्रिकूद और विद्या मंदिर इंटर कालेज के आशीष कुमार गोला, डिस्कस थ्रो व हैमर थ्रो में चैंपियन रहे।
रविवार को रैली के अंतिम दिन फाइनल मुकाबले हुए। सब जूनियर बालक वर्ग में दौड़ में आदर्श बजरंग इंटर कालेज के राजेंद्र वर्मा व जंप में खानकाह इंटर कालेज के दीपक चैंपियन बने। सीनियर बालिका वर्ग दौड़ में आर्य कन्या की मोहिनी द्विवेदी, दौड़ में पार्वती और गोला, डिस्कस व हैमर थ्रो में अनीता विजेता बनीं। जूनियर बालिका में दौड़ व जैवलिन थ्रो में आर्य कन्या की रागिनी तथा बाधा दौड़ व कूद में मुस्कान तिवारी को चैंपियन घोषित किया गया।
सब जूनियर बालिका में दौड़ में आर्य कन्या की खुशी को पहला स्थान मिला। बालक वर्ग के सभी मुकाबलों में 217 अंक के साथ आदर्श बजरंग इंटर कालेज और बालिकाओं में 205 अंक हासिल करके आर्य कन्या इंटर कालेज अव्वल रहे। समापन पर विजेताओं को बीपीओमर बालिका इंटर कालेज के अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता और प्रबंधक विजय ओमर ने पुरस्कार दिए। छात्राओं ने सरस्वती वंदना पेश की। प्रधानाचार्य लक्षणा पांडेय ने सभी का आभार जताया।