अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को भर्ती कराया गया है। पहली घटना में बेकाबू टेंपो ने साइकिल सवार छात्रा समेत दो को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
बुधवार को शहर से सवारियां भरकर चिल्ला जा रहे टेंपो ने साइकिल सवार 11वीं की छात्रा मनीषा (16) निवासी जमालपुर और राहगीर महिला राजकली (50) को टक्कर मार दी। चालक टेंपो समेत फरार हो गया। उधर, पन्ना (मध्य प्रदेश) निवासी ज्ञानचंद्र (45) व भवानीदीन (38) मंगलवार को अजयगढ़ जाते समय बाइक फिसलने से गिरकर घायल हो गया।
अतर्रा प्रतिनिधि के अनुसार, इंटरसिटी ट्रेन से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बावजूद जीआरपी ने तवज्जो नहीं दी। पिता ने उसे सीएचसी पहुंचाया। भवानीगंज निवासी लवकुश पाठक (19) पुत्र दीपक पाठक बुधवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस से अतर्रा आ रहा था। स्टेशन के नजदीक वह ट्र्रेन से नीचे पटरी पर गिर गया।
गार्ड ने छात्रों की मदद से उसे आनन-फानन बाहर निकाला। यात्रियों ने जीआरपी को घटना की सूचना दी, पर वहां मौजूद शराब के नशे में धुत सिपाही लड़ाई पर आमादा हो गया। पिता दीपक ने रिक्शे से उसे अस्पताल पहुंचाया। स्टेशन अधीक्षक एके मिश्रा ने भी जीआरपी की संवेदनहीनता पर अफसोस जाहिर किया।
उधर बबेरू में सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार घायल हो गए। कोतवाली क्षेत्र के सपहाई गुरौली निवासी रामशरण तिवारी (35) पुत्र देवराज और गोरेलाल (50) पुत्र बिंदा यादव बुधवार को बाइक पर बांदा जाते समय अछाह मोड़ के पास गिरकर घायल हो गए। एसआई अनिरुद्ध सिंह ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।