बांदा। ई-रिक्शा से अपने कार्यालय कलक्ट्रेट जा रही वरिष्ठ सहायक को जिलाधिकारी के आदेश का झांसा देकर दो लोगों ने सोने की चेन व रिंग उतरवा ली। उसे एक कागज की पुड़िया थमा दी। उन्होंने कार्यालय आकर पुड़िया खोली तो कंकड़ मिले।
शहर के डीएम काॅलोनी मोहल्ला निवासी कलक्ट्रेट में वरिष्ठ सहायक राखी सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 22 अगस्त को कार्यालय कलक्ट्रेट आने के लिए ऑनलाइन ई रिक्शा बुक किया था। सुबह करीब 10:55 बजे जीआईसी स्कूल के पास दो अज्ञात लोग मास्क पहनकर आए और बोले कि डीएम मैडम ने आदेश किया है कि कोई भी व्यक्ति दो दिन तक सोना नहीं पहनेगा।
उन व्यक्तियों में से एक ने तुरंत अपनी चेन उतारकर दे दी। इस उन्होंने भी सोने की चेन और रिंग उतारकर दे दिए। उन्होंने दोनों को कागज की पुड़िया में लपेटकर उन्हें वापस कर दी। जब वह कार्यालय पहुंची तो उन्होंने कागज खोला तो उसमें कंकड़ मिले। वरिष्ठ सहायक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार की देर शाम अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है।