कलक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेते सचिव अनिल सागर।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। जनपद के विकास कार्यों पर निगरानी और समीक्षा के लिए शासन से नामित नोडल अधिकारी और प्रदेश के सचिव (पिछड़ा वर्ग कल्याण) अनिल कुमार सागर ने सेतु निर्माण में ढिलाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सेतु निर्माण निगम को चेतावनी दी है। कहा है कि हर महीने का लक्ष्य निर्धारित कर उसे पूरा किया जाए। पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई 8 सड़कों की उच्चाधिकारियों से जांच कराने के निर्देश दिए। जिन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा किया गया है उनकी सूची तलब कर जांच कराने को कहा है।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में सचिव श्री सागर ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में सभी विभागों के कामों की समीक्षा की। अपराधों में खासकर हत्या में की गई कार्रवाई के बारे में पुलिस अधिकारियों से पूछा। कहा कि सड़क निर्माण में लापरवाही पर कठोरतम कार्रवाई की जाए। जो काम पूरे हो चुके हैं उन्हें शीघ्र हैंडओवर करके इसी माह प्रमाण पत्र लेने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में ढिलाई पर ग्राम्य विकास विभाग को चेतावनी दी। नोडल अधिकारी ने कहा कि खाद की कमी नहीं होनी चाहिए। सहकारिता विभाग इसमे खास जोर दे। अति कुपोषित बच्चों को इस श्रेणी से बाहर लाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में पुष्टाहार वितरित करने और अधिकारियों द्वारा अक्सर निरीक्षण करने को कहा। डाक्टरों की कमी के मद्देनजर संविदा पर भर्ती के निर्देश दिए। सचिव ने हत्या, डकैती और लूट आदि अपराधों में की गई कार्रवाई के बारे में बैठक में मौजूद एसपी शालिनी से जानकारी ली। वाणिज्य कर विभाग को हेल्प डेस्क खोलने का निर्देश दिया। जीएसटी की समस्याओं का निराकरण कराने को कहा। पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग को अपनी जमीनों से तत्काल अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि शहर में स्ट्रीट लाइट और अवस्थी पार्क की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। बताया कि राजस्व मामले निपटाने के लिए बबेरू में एसडीएम न्यायिक की नियुक्ति की गई है। डीएम ने कहा कि जो लेखपाल आय, जाति और निवास बनाने में देरी करे उसे प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए। बैठक में सीडीओ आरके सिंह, प्रशिक्षु आईएएस शैलेश कुमार और एसडीएम सदर थमीम अंसारिया, सिटी मजिस्ट्रेट रमेशचंद्र तिवारी, सीएमओ डा.संतोष कुमार, डीडीओ ज्ञानेंद्र त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।