फोटो - 21 समिति के सचिव को फटकार लगाते तहसीलदार। संवाद
- फोटो : संवाद
पैलानी। खाद का संकट किसानों के लिए सिर दर्द बना हुआ है। भूखे-प्यासे किसान दिनभर खाद मिलने का इंतजार करते हैं, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से उन्हें परेशान होना पड़ता है। मंगलवार को ऐसा ही नजारा गडरिया साधन सहकारी समिति में देखने को मिला, जहां किसानों की भीड़ देखकर सचिव ताला बंद कर निकल गए।
जिले में रबी फसल की बोआई का कार्य चल रहा है। ऐसे में किसानों को खाद की आवश्यकता है। खाद के लिए सुबह से ही किसान सहकारी समितियों में पहुंच जाते हैं, लेकिन जिम्मेदारों की हीलाहवाली उन्हें परेशान करती है। तहसील के निबाइच साधन सहकारी समिति में सुबह छह बजे से बड़ी संख्या में किसान टोकन की आस में जुटे। आठ बजे पहुंचे नायब तहसीलदार वेदप्रकाश ने तीन सौ किसानों को टोकन बांटा।
वहीं अतिरिक्त कार्यभार संभाले सचिव हरिशंकर दीक्षित भीड़ देखकर अपनी टीम के साथ मौके से गायब हो गए। इसके बाद किसानों ने हंगामा शुरु कर दिया। किसानों ने राज्यमंत्री रामकेश निषाद को मोबाइल फोन पर सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मंत्री ने कमिश्नर, डीएम व एडीएम को मामले की जानकारी दी। बाद में तहसीलदार राधेश्याम सिंह नायब तहसीलदार वेदप्रकाश व थानाप्रभारी राजेश वर्मा के साथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभाली।
सचिव को फोन लगाकर वापस बुलाया गया, इसके बाद करीब पौने चार बजे सचिव ने केंद्र का ताला खोलकर खाद का वितरण शुरु किया। मौके पर मौजूद किसान संजय सिंह, शिव यादव, आकाश, शिवम, रामबाबू, मनोज, रमेश, दयाशंकर आदि ने बताया कि इसके पूर्व भी खाद न वितरित किए जाने की शिकायत तहसील में दर्ज कराई थी लेकिन समस्या का निदान नहीं कराया गया। इसके बाद मंत्री व उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई।
वहीं मंडलायुक्त अजीत कुमार ने कहा कि सचिव का टोकन बांटकर समिति में ताला लगाकर गायब हो जाना गंभीर मामला है। विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।