तरसुमा गांव के मजरा महम्मदा पुरवा स्थित प्राथमिक व जूनियर विद्यालय में मिडडे मील खाकर बच्चों के बीमार होने की खबर अमर उजाला में छपने के बाद बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग हरकत में आया। अधिकारियों ने स्कूल जाकर जांच-पड़ताल की और बीमार छात्र-छात्राओं का हालचाल लिया।
शनिवार को मिड डे-मील की कढ़ी खाकर दर्जन भर छात्र-छात्राएं बीमार हो गए थे। इनमें तीन को इलाहाबाद रेफर किया गया था। स्कूल स्टाफ और बेसिक शिक्षा विभाग यह मामला दबा गया। पता चलने पर बुधवार को अमर उजाला में प्रमुखता से खबर छपी तो प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
डीएम के निर्देश पर उप जिलाधिकारी एके पुष्कर और जिला एमडीएम प्रभारी डीके भाष्कर ने स्कूल पहुंचकर जांच-पड़ताल की। छात्र-छात्राओं से पूछताछ की। बचाव में जुटे स्कूल स्टाफ ने छात्र-छात्राओं के घर जाकर उन पर दबाव बनाया और अफसरों के सामने मुंह न खोलने को कहा।
बीमार हुई छात्रा अमृता, नीलम, अंकिता ने बताया कि कुछ बोलने पर उनके नाम काटने की धमकी दी गई है। जांच में एबीएसए नरैनी योगेंद्रनाथ वर्मा, तहसीलदार संजय अग्रहरि भी मौजूद रहे। प्राथमिक सिक्षक संघ अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने अधिकारियों की जांच पर सवाल खड़े किए। उधर, एसडीएम एके पुष्कर ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई है।