झांसी मंडल के रेलवे एडीआरएम विनीत सिंह ने कहा है कि उदयपुर इंटरसिटी मानिकपुर तक बढना संभव नहीं है। बांदा रेलवे स्टेशन पर साइकिल स्टैंड ठेका शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया।
बुधवार को दोपहर एडीआरएम ने रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। उनके साथ सीनियर डीसीएम दुर्गेश दुबे भी थे। दोनों रेल अधिकारियों के यहां पहुंचने पर स्थानीय रेल अफसरों में उनकी अगुवानी की। निरीक्षण के दौरान रेलवे कालोनी का निरीक्षण करते हुए यहां सुधार और मरम्मत के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में एडीआरएम ने कहा कि बांदा रेलवे स्टेशन में अभी और सुधार की जरूरत है। उदयपुर इंटरसिटी को मानिकपुर तक बढ़ाए जाने को असंभव बताते हुए कहा कि मानिकपुर में सफाई और मेंटीनेंस की व्यवस्था नहीं है।
बांदा रेलवे स्टेशन के बाहर साइकिल स्टैंड बंद हो जाने की बाबत सीनियर डीसीएम ने कहा कि दो बार टेंडर आमंत्रित किए गए लेकिन किसी ने टेंडर नहीं डाले। जल्द ही कोटेशन पर वाहन स्टैंड को ठेका दिया जाएगा।