सिरसाकलार। थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल वैन चालक ने छात्रा से दुष्कर्म किया। छात्रा का वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर चालक व एक अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया कि उसकी 11 वर्षीय पुत्री एक स्कूल में कक्षा छह की छात्रा है। गांव के ही एक व्यक्ति के यहां रहने वाला युवक उसी स्कूल की वैन चलाता है। छात्रा उसी गाड़ी से प्रतिदिन स्कूल जाती थी। 17 मार्च को आरोपी अपने साथी के साथ उसके घर पहुंचा। उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका साथी पहरा देता रहा। आरोपी ने छात्रा का वीडियो बना लिया। किसी से कहने पर वायरल करने की धमकी दी।
सहमी छात्रा ने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया। परिजनों ने जब कड़ाई से उससे पूछताछ की तो उसने सब कुछ बता दिया। पिता छात्रा को लेकर थाने पहुंचा और आरोपी चालक अतुल व उसके साथी पर रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ शैलेंद्र वाजपेयी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।