पुलिस लाइन जूनियर स्कूल में मिड-डे मील खातीं बालिका व बालक।
- फोटो : BANDA
बांदा। बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापकों के पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन गैर जनपदों से आए 32 अध्यापकों ने अपनी आमद दर्ज कराई। जनपद से 71 सहायक अध्यापकों ने इस प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन किया हुआ है।
शासन के आदेश पर अध्यापकों को पहली बार पारस्परिक स्थानांतरण की सुविधा दी गई है। इसमें जो अध्यापक बांदा का मूल निवासी वह कौशांबी में पढ़ा रहा है, और कौशांबी का रहने वाला अध्यापक बांदा में पढ़ा रहा है, वह अपना पारस्परिक स्थानांतरण अपने गृह जनपद करा सकता है।
इस नियम के चलते जनपद से कुल 71 अध्यापकों ने ऑनलाइन आवेदन किया हुआ है। बुधवार को आमद दर्ज कराने वाले अध्यापकों के मूल अभिलेखों की जांच पड़ताल की गई। जांच में सही पाए जाने वाले अध्यापकों को स्कूल आवंटन कर उनका कार्य निर्धारित किया जाएगा। बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत बांदा के रहने वाले अध्यापकों को फायदा होगा। उन्हें अपने गृह जनपद में तैनाती मिलेगी। साथ ही यहां से आवेदित अध्यापकों को भी कार्यमुक्त किया गया है।