फोटो-12- मटौंध कस्बे में साइकिल से पानी ढोते ग्रामीण। संवाद
बांदा। बारिश से केन नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई तो कई गांवों में जलापूर्ति व्यवस्था धड़ाम हो गई। पानी न मिलने से लोग परेशान हैं। दैनिक उपयोग के लिए उन्हें दूर-दराज से पानी भरकर लाना पड़ता है।
मटौंध कस्बे में बीते दो दिनों से जलापूर्ति ठप है। गांव के शैलेंद्र तिवारी, बृजकिशोर, राजपाल पाल, गयादीन सहित अन्य ने बताया कि कस्बे में जल संस्थान 16वीं शाखा भूरागढ़ से जलापूर्ति होती है। दो दिन से आपूर्ति ठप है। इससे गांव के लोग परेशान हैं।
लोगों को दैनिक उपयोग के लिए आसपास के हैंडपंपों से पानी लाना पड़ता है। कई मोहल्लों में हैंडपंप खराब होने से हालात और भी खराब हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान से जल्द-से-जल्द जलापूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।
वहीं इस संबंध में जल संस्थान 16वीं शाखा के जेई मयंक ने बताया कि वर्षा होने से केन नदी में पानी सप्लाई के बोर की जगह बालू का ढेर जमा हो गया है। बालू हटाने का कार्य चल रहा है। जल्द ही जलापूर्ति शुरू की जाएगी। संवाद