शहर में भरे पानी को केन में फेंकने को लगाए जा रहे पंप।
- फोटो : अमर उजाला
नरैनी/कमासिन। रपटा और तालाब में डूबने की दो अलग-अलग घटनाआें में एक बालक और एक किशोर की मौत हो गई। दो अन्य को ग्रामीणों ने बचा लिया। पहली घटना में नरैनी क्षेत्र के नेढुवा गांव का 16 वर्षीय राजन पुत्र रामप्यारे शनिवार को सुबह अपने बीमार चाचा की दवा लेने नहरी गांव जा रहा था।
साथ में दो हमउम्र दोस्त भी थे। रास्ते में यह तीनों गहरार नाला पार कर रहे थे। बारिश में उफनाए नाले में राजन के पैर लड़खड़ा गए और वह बहकर गहरे पानी में जा गिरा। दोनों साथियों ने गांव आकर खबर दी। करतल चौकी प्रभारी और तहसीलदार भी घटना स्थल पहुंच गए। दिन भर की मशक्कत के बाद रपटा के पास ही गोताखोरोें ने उसका शव ढूंढ निकाला।
दूसरी घटना में कमासिन क्षेत्र के गोसाईं तालाब के नजदीक रहने वाली राजावती का 11 वर्षीय पुत्र पवन और 8 वर्षीय पुत्री चंद्ररनिया शनिवार को सुबह स्कूल जा रहे थे। देवमूरत का छह वर्षीय पुत्र देवदास भी उनके पीछे चला गया। तालाब भीटे पर पैर फिसल जाने से देवदास तालाब में जा गिरा। उसे बचाने में पवन और चंद्ररनिया भी गिर गए। वहां से गुजर रहे शिवशरण ने पवन और चंद्ररनिया को बचा लिया। लगभग दो घंटे बाद देवदास का शव भी बरामद हो गया।