अतर्रा। प्रयागराज जीरो डिपो में तैनात परिचालक का शव कौशांबी के पास रेलवे ट्रक पर मिला। मृतक के पास मिले मोबाइल के पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
बदौसा के गर्गपुर चंदौर निवासी बालमुकुंद का पुत्र नवनीत (26) जीरो डिपो में संविदा में परिचालक पद पर तैनात था। प्रयागराज में किराये के मकान में रहता था। पिछले आठ माह पूर्व शादी हुई थी, लेकिन पत्नी गांव में रहती थी। मंगलवार को कौशांबी जीआरपी को रेलवे ट्रक किनारे क्षतविक्षत शव मिला। मृतक के पास से मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने कौशांबी पहुंचकर इटवा पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जाहिर की। मां भूरी ने बताया कि दो दशक पहले पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बेटे की मौत के पीछे हत्या की आशंका जाहिर की है। उधर, देर शाम कौशांबी से आए शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। बदौसा पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी। (संवाद)