बांदा। होली पर्व पर यात्रियों की सेवा में बेहतर कार्य करने वाले परिवहन निगम के कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। होली के मौके पर निगम यात्रियों की सुविधा के लिए शत-प्रतिशत बसों का संचालन करेगा, जिससे यात्री त्योहार पर समय से घर पहुंच सकेंगे। इस दौरान रोडवेज के चालक-परिचालकों के साथ वर्कशाप के कर्मियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
होली के त्योहार पर परिवहन निगम की ओर से 112 बसों का संचालन कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि यात्रियों को समय से घर तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए कर्मियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई है। साथ ही कुछ कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है, जो आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध होंगे। कर्मचारियों को निगम की ओर से अब की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
एआरएम मुकेश बाबू ने बताया कि शासन के निर्देशन पर रोडवेज के चालक-परिचालकों को राशि उपलब्ध कराई जाएगी। बताया कि इसमें 10 दिन की न्यूनतम ड्यूटी करने वाले कर्मियों को 350 रुपये प्रतिदिन की दर से 3500 रुपये मिलेंगे। वहीं 11 दिन लगातार ड्यूटी करने पर 400 रुपये प्रतिदिन की दर से 4400 रुपये दिए जाएंगे।
चालकों को 300 किलोमीटर बस चलाना अनिवार्य होगा। इससे अधिक दूरी तय करने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। वर्कशॉप कर्मियों के लिए भी विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है। उन्हें 10 दिन की ड्यूटी पर 1500 रुपये और 11 दिन की ड्यूटी पर 1800 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। यह कदम त्योहार के दौरान महानगरों से अपने घर लौट रहे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। बताया कि निगम द्वारा सभी बसों को चलाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जाएगी।
लव मिश्रा