प्रधानमंत्री सड़क योजना में एक माह पूर्व बनी ध्वस्त हो गई सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
नरैनी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से बने संपर्क मार्ग की पुलिया लोकार्पण के एक माह के अंदर ही क्षतिग्रस्त हो गई। ठेकेदार ने यहां लोहे की एंगल लगाकर आवागमन बंद कर दिया। आवागमन ठप होने से ग्रामीण परेशान हैं।
तहसील क्षेत्र के पिछड़े इलाके में नरैनी-बांदा मुख्य मार्ग पर रिसौरा गांव के पास से पाड़ा देव गांव तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण 1.35 करोड़ लागत से ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क यूनिट ने कराया था।
ग्रामीणों के मुताबिक ठेकेदार ने निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया। मानक के मुताबिक पुलिया भी नहीं बनाई गई। 12 जून को सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने इसका लोकार्पण कर क्षेत्र के लिए उपलब्धि बताई थी। एक माह पूरा होने के पहले ही सभी पांच पुलियों के दोनों ओर की सड़क धंस गई।
एक पुलिया पूरी तरह ध्वस्त हो गई। ठेकेदार ने यहां लोहे के राड लगाकर आवागमन बंद कर दिया है। केन नदी किनारे बसे गांव के लिए अब आवागमन का कोई रास्ता नहीं है। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिया दुरुस्त करने और जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।