बांदा। नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। खुद टेंपो चला रहे मालिक की मौत हो गई। चार सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। दूसरी घटना में स्कूल से लौट रही 11वीं की छात्रा टेंपो की टक्कर से गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
बुधवार की शाम देहात कोतवाली क्षेत्र के सैमरी गांव से सवारियां भरकर टेंपो अतर्रा जा रहा था। गिरवां थाना क्षेत्र अंतर्गत खुरहंड गांव के पास बांदा-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार टेंपो की स्टेयरिंग पर चालक नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू टेंपो पलट गया। चालक व मालिक यशवंत (45) पुत्र बृजनाथ सिंह की दबकर मौत हो गई।
टेंपो में सवार उमा देवी (40) पत्नी बाबूलाल, विद्या देवी (31) पत्नी महेश और अनुराधा (23) पुत्री बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक घायल के नाम का पता नहीं चल पाया। ये सब बड़ेहा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस और आसपास के लोगों ने टेंपो में दबे चालक को बाहर निकाला। उसके शव और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। उधर, अतर्रा ग्रामीण के मजरा चौरिहन पुरवा की कु. रोशनी (17) पुत्री रमाशंकर गुरुवार को दोपहर सरस्वती बालिका इंटर कालेज से पढ़कर घर जा रही थी। नरैनी रोड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार टेंपो ने उसे टक्कर मार दी। डायल 112 पुलिस ने उसे सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। वह 11वीं क क्षा की छात्रा है।