होली के मद्देनजर जनपद में शांति और कानून व्यवस्था तथा सौहार्द बरकरार रखने के लिए तैयारियों में जुटे प्रशासन और पुलिस ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनपद के चुनिंदा लोगों के साथ बैठक की।
डीएम डीपी गिरि ने पुलिस से कहा कि शांति भंग करने वालों को पहले से ही चिन्हित कर पाबंद किया जाए। छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लें। मिलावटी खाद्य पदार्थ और रंग नहीं बिकने चाहिए। बिजली और पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो। शराब बंदी सख्ती से लागू हो।
एंबुलेंस और दवाएं उपलब्ध रहें। पुलिस अधीक्षक शालिनी ने निर्देश दिए कि होलिकादहन के विवादित स्थलों को चिन्हित कर वहां पुलिस भ्रमण करे। थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाएं और इसकी सूचना अपर एसपी को दें। लाउडस्पीकर निर्धारित ध्वनि सीमा में ही इस्तेमाल हों।
इच्छा के विपरीत किसी पर रंग नहीं डाला जाना चाहिए। शहर काजी मौलाना अकील मियां ने कहा कि हमेशा की तरह रंगों के इस त्योहार को अबकी भी मिलजुल कर और सौहार्द के बीच मनाएं। छोटीमोटी बातों को तूल न दें। बैठक में एडीएम गंगाराम गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट रमेशचंद्र तिवारी, अपर एसपी एलबीके पाल, एसडीएम थमीम अंसरिया सहित क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, कलेक्ट्रेट प्रशासनिक अधिकारी सईद अहमद और जिले व शहर के विभिन्न संगठनों के लोग शामिल रहे।