तिंदवारी। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को शाम प्रशासन और पुलिस की टीम द्वारा जौहरपुर व आसपास मारे गए छापों में पकड़ी गई अवैध डंप बालू के मामले में जिला खनिज अधिकारी ने यहां थाने में प्रधान पुत्र सहित दो के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एडीएम संतोष बहादुर सिंह, अपर एसपी एलबीके पाल, एसडीएम संदीप कुमार और खनिज अधिकारी आरके सिंह ने जौहरपुर गांव के मजरा बसेड़ी डेरा में छापा मारकर यहां भारी मात्रा में डंप बालू पकड़ी थी। देर शाम तक इसकी नापजोख हुई। प्रधान के पुत्र शानू सिंह का नाम आने पर अधिकारियों ने उनसे डंप का परमिट मांगा। लेकिन वह नहीं दिखा सके। बताया गया कि बसेड़ी डेरा के अलावा चारकूरा, महजतिया डेरा, पचासा डेरा, राममोहन का डेरा, छापर, कैप्टन ढाबा, चंदौखी, देउरा और बेंदा में भी बालू डंप है।
देर शाम जिला खनिज अधिकारी ने तिंदवारी थाने में ग्राम प्रधान के पुत्र शानू सिंह के विरुद्ध धारा 379, 411 व 4/21 की रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर, बेंदाघाट में डंप बालू के अभिलेख न मिलने पर पुत्तन सिंह उर्फ वीरेंद्र सिंह पुत्र ब्रजलाल (बेंदाघाट) के विरुद्ध भी उपरोक्त धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। यहां बालू पुत्तन सिंह की जमीन पर डंप थी। इंसपेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि पुत्तन सिंह ने अपनी बालू होने से इनकार किया, लेकिन यह नहीं बता सके कि किसकी है।