बांदा। दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद में महिला ने विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष और उसके पुत्र समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पड़ोसी दुकानदार महिला ने भी दूसरे पक्ष के 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है।
मामला कोतवाली नगर के नाकतले का है। सुनारी गली के पास मुचियाना निवासी संगीता और कृष्णा फुटपाथ पर दोना-पत्तल की दुकान लगाती हैं। जगह को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। मामला पुलिस तक पहुंच गया। संगीता ने आरोप लगाया कि विहिप जिलाध्यक्ष समेत पड़ोसी दुकानदार महिला और उसके पुत्र ने मारपीट और अभद्रता की।
इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि संगीता की तहरीर पर विहिप जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन बेदी और महिला दुकानदार कृष्णा और उसके पुत्र समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरी तरफ कृष्णा की ओर से सात नामजद और तीन अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच की जा रही है।