बांदा। शहर के तिंदवारी रोड स्थित मंडी समिति स्थल के बाहर मतगणना का परिणाम घोषित होने पर गठबंधन समर्थकाे ने बिना अनुमति जुलूस निकाला था। इस मामले में कोतवाली में 150 गठबंधन समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मतगणना के दिन चार जून को गठबंधन प्रत्याशी कृष्णा पटेल की जीत की खुशी में शाम पांच बजे के करीब गठबंधन समर्थक मंडी स्थल में घुसने लगे थे। इस पर पुलिस ने उन्हें रोका तो नोकझोंक हो गई थी। इस पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया था। इस प्रकरण पर सपा विधायक विशंभर सिंह यादव ने पुलिस पर लाठी चार्ज का आरोप लगाया था।
इस प्रकरण के दो दिन बाद कोतवाली नगर में पुलिस की ओर से 150 गठबंधन समर्थकों पर बिना अनुमति के जुलूस निकालने और आचार संहिता का उल्लंघन करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।