बांदा। कोरोना का संदिग्ध मामला मान जांच के लिए भेजे 14 स्वास्थ्य कर्मियों और 13 महानगरों से लौटे मजदूरों की जांच रिपोर्ट भी निगेटिव निकली है। राजकीय मेडिकल कालेज के 5 डाक्टर, 7 टेक्नीशियन और 2 नर्स तथा विभिन्न क्वारंटीन सेंटरों के 13 मजदूरों के सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे गए थे। ये स्वास्थ्य कर्मी मेडिकल कालेज के आईपीडी डिपार्टमेंट के हैं।
रविवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि संजय गांधी पीजीआईएमएस से इन सभी की रिपोर्ट मिल गई है। सभी निगेटिव हैं। सभी को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है। उधर, प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि शनिवार की देर शाम आइसोलेशन वार्ड में 11 लोग और भर्ती किए गए हैं। नोएडा से लौटे दो प्रवासी मजदूर भी शामिल हैं।
दोनों चित्रकूट जिला अस्पताल से यहां रेफर किए गए हैं। उधर, क्वारंटीन वार्ड में 25 लोग भर्ती हैं। इनमें 16 की जांच रिपोर्ट आना शेष है। उन्होंने बताया कि सर्दी-जुकाम वाले 20 अन्य संदिग्ध लोगों के नमूने जांच को भेजे जा रहे हैं।