पैलानी। बीते दिनों बबेरू बाईपास रोड पर नहर पुल के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से शटरिंग कर्मी राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए कानपुर ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश में कार डिवाइडर से टकरा गई, चालक को मौके पर पकड़ लिया गया। मृतक की पत्नी संगीता देवी की तहरीर पर देहात कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
धमकी देने पर रिपोर्ट दर्ज
पैलानी। लामा गांव की लक्ष्मी सिंह ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर अपने ही परिजनों पर जमीन व मकान कब्जाने की नीयत से जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपियों का शराब के नशे में गाली-गलौज का वीडियो भी पुलिस को दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराया है। (संवाद)
बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पैलानी। चंदवारा गांव में बीते 30 नवंबर को तेज व लापरवाही से बाइक चलाने से हादसा हो गया था। चालक मुकेश सिंह बाइक पर अर्जुन सिंह को बैठाकर गौशाला की ओर ले जा रहा था, तभी तेज रफ्तार व लापरवाही के चलते बाइक फिसलकर गिर गई। जिससे गंभीर चोट लगने से अर्जुन सिंह की मौत हो गई। जिस पर दिवंगत के पुत्र चंद्रदेव सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। (संवाद)