अतर्रा। गर्भवती के साथ मारपीट करने पर हुई जच्चा बच्चा की मौत के मामले में एसपी के निर्देश पर छोटे भाई समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नरैनी रोड निवासी मोबाइल रिपेयरिंग दुकान संचालक जय प्रकाश गुप्ता ने एसपी, आईजी, एडीजी, प्रयागराज समेत सीएम को भेजे पत्र में आरोप लगाया था कि 10 जून को घर पर कब्जा करने के लिए छोटे भाई रामप्रकाश, बहन ज्योति व बहनोई लक्ष्मी नारायण ने उसकी गर्भवती पत्नी सीमा से कहासुनी होने के बाद पेट में लात मार दी। जिला अस्पताल में गर्भवती सीमा की मौत हो गई थी।
मौत के बाद जयप्रकाश गुप्ता व उसकी चार बच्चियों श्रेष्ठी, मांडवी, श्रेया, आरुषि को प्रताड़ित कर घर से निकालने का दबाव बनाया जा रहा था। इस शिकायत पर थाना पुलिस ने रामप्रसाद, बहन ज्योति व बहनोई लक्ष्मीनारायण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने कहा कि तहरीर के आधार पर भाई, बहन व बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।