दोपहर दो बजे बांदा-कानपुर मार्ग पर सन्नाटा। संवाद
बांदा। शुक्रवार की देर शाम हुई 5.8 एमएम बारिश के बाद शनिवार का दिन खासा गर्म रहा। सुबह से ही तेज धूप की तपन और गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोपहर 12 बजे से दोपहर तीन तक सड़कों में सन्नाटा रहा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आने की संभावना बन रही है। एक-दो दिन में मानसून आ सकता है।
जून माह के आखिरी सप्ताह में शुक्रवार की शाम 18 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी के बीच 5.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई लेकिन इस बारिश से राहत नहीं मिल सकी। शनिवार को सुबह से ही तेज धूप का कहर रहा। सुबह नौ बजे से तापमान ने रफ्तार पकड़ी तो दोपहर दो बजे तक पारा 41 डिग्री पर पहुंच गया।
बाद में यह 42.6 डिग्री में जाकर टिक गया। हालांकि न्यूनतम तापमान 32 डिग्री से लुढ़ककर 27 डिग्री पर पहुंच गया। हवा में नमी का प्रतिशत 37 रहा। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि एवं मौसम विभाग के विज्ञानी डॉ. दिनेश शाहा ने बताया कि आज या कल मानसून प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा। इससे गर्मी में राहत मिलने की संभावना है।