फोटो - 21 ब्लॉक में संचालित केंद्र में आधार कार्ड बनवाने को बैठे लोग। संवाद
- फोटो : संवाद
नरैनी। ब्लॉक परिसर के अंदर संचालित आधार सेवा में ग्रामीणों ने अवैध वसूली का आरोप लगाया है। बताया कि आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के नाम पर मनमानी फीस वसूली जाती है।
कस्बे के देविननगर निवासी बरातीलाल ने बताया कि बच्ची पूजा का नया आधार कार्ड 10 दिन पहले बनवाया था। इसके लिए संचालक ने दो सौ रुपये लिए। आधार कार्ड न निकलने पर दोबारा नया फॉर्म भरने और फिर से रुपये जमा करने को कहा गया। वहीं नया आधार कार्ड पूरी तरह निशुल्क बनता है। कल्याणपुर निवसी रविंद्र व बड़ेछा गांव निवासी धीरू ने भी बच्चों के आधार अपडेट कराने में मोटी फीस वसूली की बात कहीं। कहा कि अपडेट के लिए 125 रुपये फीस निर्धारित है। ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र संचालक खुलेआम मनमानी करते हैं और विरोध करने पर कार्य टाल दिया जाता है।
गरीब और दूर-दराज से आने वाले लोग मजबूर होकर अतिरिक्त पैसे देने को विवश हैं। स्थानीय लोगों व ग्रामीणों ने केंद्र संचालकों की मनमानी की जांच व कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में बीडीओ प्रमोद सिंह ने कहा कि ग्रामीणों से शिकायत मिली है। मामले की जांच जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।