शहर कोतवाली पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच बाइकें बरामद की हैं। यह बाइकेें चोरी की बताई गई हैं। एक आरोपी फरार बताया गया है। पुलिस का दावा है कि यह पांचों युवक अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं।
सोमवार को शहर कोतवाली में पुलिस अधीक्षक राकेश शंकर ने बताया कि अलीगंज चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह फोर्स के साथ बबेरू बाईपास रोड चौराहे के पास रविवार को शाम चार लोगों को बाइकों समेत गिरफ्तार कर लिया। एक बाइक छोड़कर भाग निकला।
पकड़े गए युवकों में राशिद पुत्र इद्दू (बोधी पुरवा, मटौंध), पप्पू उर्फ महमूद पुत्र सलामत (बछेही, गिरवां), शहीद अहमद पुत्र इद्दू (बोधी पुरवा, मटौंध) और अंशू गुप्ता पुत्र केशवचंद्र गुप्ता (गूलरनाका, बांदा) शामिल हैं। इनके पास से एक-एक बाइक बरामद हुईं। इनमें डिस्कवर, हीरो होंडा, पैशन बाइकें शामिल हैं। एक अभियुक्त शरीफ पुत्र बाबू (लुधौरा, बांदा) बाइक छोड़कर भाग निकला।
एसपी ने बताया कि इन अभियुक्तों ने बताया है कि उनका बाइक चोर गैंग है। कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन से बाइकें चोरी करके उनके पुर्जे और इंजन नंबर आदि बदलकर और फर्जी नंबर डालकर बेंच देते थे। पुलिस ने चारों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।