बांदा। कोविड-19 के दौरान किए गए मुफ्त अनाज वितरण के भुगतान की मांग लेकर आल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स फेडरेशन, जिला इकाई बैनर तले कोटेदारों ने प्रदर्शन किया। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को सौंपे ज्ञापन में शीघ्र भुगतान न होने पर अनाज की दुकान बंद करने की चेतावनी दी।
सोमवार को कोटेदार जुलूस की शक्ल में विकास भवन पहुंचे और जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि शासन-प्रशासन के आदेशों का पालन करते हुए कोरोनाकाल में पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्डधारकों को नि:शुल्क अनाज वितरण किया, लेकिन विभाग तक अब तक उचित दर विक्रेताओं को भुगतान नहीं किया गया। इससे दुकान संचालन और परिवार के भरण-पोषण में दिक्कत हो रही है। शीघ्र भुगतान की मांग की।
चेतावनी दी कि भुगतान न होने पर कोटेदार अगस्त माह का नियमित चालान राशि जमा नहीं करेंगे और अनाज दुकान बंद करने को बाध्य होंगे। अगुवाई जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने की। ज्ञापन देने वालों में रवींद्रनाथ गुप्ता, अवध बिहारी चौबे, रामप्रकाश त्रिपाठी, जयराजा, पवनलाल श्रीवास, रामसेवक, आबिद खां, मुशीर अहमद, मोहम्मद हनीफ, फैय्याज अली, रामप्रसाद मिश्र, रामलखन यादव, सुरेंद्र सिंह आदि रहे।