बांदा। नरैनी के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म में पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। यहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उधर, पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता के न्यायालय में बयान भी दर्ज कराए हैं।
पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने तहरीर देकर कहा था कि उसकी 15 वर्षीय बेटी गांव में लगे गणेश पंडाल में आरती करने गई थी। यहां पूर्व परिचित दो युवक उसे बाइक से यह कहकर ले गए कि पड़ोस में रहने वाली दीदी बुला रही हैं। आरोप है कि दोनों उसे गांव के प्राथमिक विद्यालय में ले गए और बरामदे में दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे पंचायत भवन के पास छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मध्य प्रदेश के अजयगढ़ के पिस्टा गांव निवासी रामहित और उसके चचेरे भाई उमेश उर्फ सज्जन को महाराजपुर पेट्रोल पंप के पास गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ पुलिस के समक्ष बयान भी दर्ज कराया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।