बांदा। कोरोना महामारी में पिछले दो वर्षों से गर्मी की छुट्टी में सूनी रहीं ट्रेनें अबकी यात्रियों से खचाखच भरने की उम्मीदें हैं। संक्रमण का असर खत्म हो जाने पर बड़ी संख्या में लोग पर्यटन और सैर सपाटे को निकलेंगे। इसी संभावना के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों को सुविधा और अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। ट्रेनों में बोगियां बढ़ाई जा रहीं हैं और अगले माह अप्रैल से लंबी दूरी वाली कई विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी है। इनमें कई ट्रेन बुंदेलखंड से भी गुजरेंगी।
कोरोना काल में यात्री नहीं निकले। ग्रीष्म कालीन छुट्टियों में ट्रेने बंद होने से पिछले वर्ष लोग घरों में ही गर्मी की छुट्टियां बिताईं। अबकी परिस्थितियां बदलीं हैं। इसके मद्देनजर रेलवे नई ट्रेनें चलाने की तैयारी में है।
इसी श्रृंखला में लोक मान्य तिलक (मुंबई) से पहली अप्रैल से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को दोपहर 2.15 बजे विशेष ट्रेन चलेगी। यह विभिन्न स्टेशनों से होकर यह बुंदेलखंड के ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो, महोबा होते हुए दूसरे दिन दोपहर 2:45 बजे बांदा आएगी।
यहां चित्रकूटधाम, मानिकपुर होकर तीसरे दिन 1:45 बजे बलिया पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन हर हफ्ते बरेली से प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार व रविवार को शाम 3.35 बजे चलेगी। शुरूआत 3 अप्रैल को होगी। इन स्टेशनों से होकर लोकमान्य तिलक पहुंचेगी। यह ट्रेन दूसरे दिन 3 बजे बांदा आएगी। इस ट्रेन में 11 बोगी स्लीपर, 4 एसी तृतीय श्रेणी,1 सामान्य श्रेणी की होगी।
दूसरी ट्रेन लोक मान्य तिलक (मुंबई) से गोरखपुर तक चलाई जा रही है। यह प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार दोपहर 2.15 बजे लोक मान्य तिलक स्टेशन से 2 अप्रैल से चलेगी। बुंदेलखंड के ललितपुर, छतरपुर, खजुराहो, महोबा, बांदा, चित्रकूटधाम, मानिकपुर, प्रयागराज होकर तीसरे दिन तड़के 2:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेन दूसरे दिन में 2:45 बजे बांदा आएगी। यह ट्रेन हर सोमवार, मंगलवार व गुरुवार को गोरखपुर से दिन में 3:35 बजे चलेगी। शुरुआत 4 अप्रैल से होगी। अगले दिन तड़के 3 बजे बांदा आएगी।
उत्तर मध्य रेलवे के जन संपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि इस ट्रेन 11 बोगी स्लीपर, चार एसी तृतीय श्रेणी, एक एसी द्वितीय, सामान्य श्रेणी 4 होगी। बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में एक-एक बोगी अतिरिक्त बढ़ाई गई है।