गबांदा। मुख्यालय बांदा शहर से चंद किलोमीटर दूर केन नदी किनारे गंछा गांव के पास बालू की चल रही अवैध खदान पर बीती रात प्रशासन का छापा पड़ा। अवैध खनन में लगी पोकलैंड मशीन और 6 ट्रैक्टर रंगे हाथ पकड़कर सीज कर दिए गए। खनिज अधिकारी ने चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
डीएम हीरा लाल के निर्देश पर गुरुवार को आधी रात के बाद एसडीएम सदर संदीप कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर आलोक मिश्रा तथा खनिज अधिकारी राजेश सिंह ने गंछा खदान पर छापा मारा। वहां पोकलैंड मशीन से खनन हो रहा था। बालू के तीन ट्रैक्टर भरे और तीन खाली रंगेहाथ पकड़े। अन्य ट्रैक्टर भाग निकले।
एसडीएम ने बताया कि इन सभी वाहनों को सीज कर मेडिकल कालेज पुलिस चौकी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। खनिज अधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक कमलेश, बबलू, राजू और रोहित के विरुद्ध शहर कोतवाली में अवैध खनन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह सभी गिरवां गांव के रहने वाले हैं। दो ट्रैक्टर चालकों को मौके से भाग जाना दर्शाया गया है। खनिज अधिकारी के मुताबिक मौके पर 513 घनमीटर बालू डंप पाई गई। इसकी रॉयल्टी साढ़े 4 लाख रुपये है। खदान से दूर खेत में बालू डंप की जा रही थी। खेत मालिकों की भी जांच की जा रही है।
पंजीकृत वाहनों से ही खनिज की होगी ढुलाई
बांदा। डीएम हीरा लाल ने शासनादेश का हवाला देकर कहा है कि पहली अक्तूबर से पंजीकृत वाहनों से ही बालू खनन, गिट्टी आदि की ढुलाई/परिवहन किया जा सकेगा। वाहन स्वामियों को वेबसाइट पर अपना पंजीकरण कराना होगा। उसकी प्रिंट कॉपी लेकर वाहन के रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र और अपने पहचान पत्र तथा पते का प्रमाणपत्र खनिज कार्यालय में देना होगा। पंजीकरण की कार्रवाई दो हफ्ते के अंदर पूरी की जाना है। डीएम ने कहा है कि अधिक जानकारी के लिए खनिज विभाग के मोबाइल नंबर-8887534751 पर संपर्क किया जा सकता है। ब्यूरो