मटौंध। केंद्र सरकार के अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को यहां अचानक राशन की दुकानों में छापे मारे। कई कोटेदार दुकानें बंद करके भाग गए। टीम ने एक दुकान बर्खास्त करने के आदेश दिए।
केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव देवाषीश पंडा के सचिव के नेतृत्व में एसडीएम अनुज सिंह व पुलिस ने कोटेदार राम प्रकाश की दुकान का निरीक्षण किया। टीम से स्थानीय कार्डधारकों ने बताया कि 225 बीपीएल कार्डधारकों को जनवरी से गेहूं और चावल नहीं दिया गया। सिर्फ चीनी और केरोसिन दिया गया। कोटेदारों द्वारा बदसलूकी की भी शिकायत की।
यहां के बाद टीम कोटेदार बृजराज सिंह के यहां पहुंची। कोटेदार ताला बंद कर गायब हो गया। दरवाजे पर चस्पा नोटिस में लिखा था कि वह मुकदमे की पेशी में झांसी न्यायालय गया है, लेकिन पता चला कि वह अपने घर में है।
नाराज अधिकारियों ने एसडीएम को निर्देश दिया कि कोटा बर्खास्त करें। टीम ने महोखर गांव में भी छापा मारा। कोटे की दुकान का निरीक्षण किया। वितरण में असंतोष जताते हुए चेतावनी दी। बांदा शहर मेें नरैनी रोड और पुलिस लाइन पर स्थित गोदामों का निरीक्षण किया।