नरैनी। शादी के लिए टेंट बुकिंग के नाम पर आए चार अज्ञात बाइक सवारों ने शनिवार को किदवई नगर में टेंट व्यवसायी रामनरेश त्रिपाठी के कनपटी पर तमंचा अड़ा दिया। टेंट व्यवसायी उनसे भिड़ गया और तमंचा अड़ाने वाले को लात मारकर गिरा दिया। उधर, व्यवसायी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दे दी। चारों लुटेरे भाग निकले। कोई घटना नहीं अंजाम दे सके।
रामनरेश ने बताया कि बाइक सवार 27 अप्रैल को शादी बताकर टेंट बुक कराने आए थे। तब टेंट हाउस में उसके ससुर राम प्रसाद करवरिया बैठे थे। उन्होंने ऊपरी मंजिल में मौजूद रामनरेश को फोन पर कॉल कर बुला लिया। चारों बदमाशों ने रामनरेश से पीने का पानी मांगा। ससुर राम प्रसाद दरवाजे पर लगे हैंडपंप लेकर आए तो बदमाशों ने यह पानी पीने से इंकार कर दिया और घर से ठंडा पानी लाने को कहा।
इसी दौरान एक बदमाश ने राम प्रसाद और दूसरे ने रामनरेश की कनपटी में तमंचा अड़ा दिया। रामनरेश ने बदमाश के लात मारकर तमंचा समेत गिरा दिया। साथ ही शोर मचाकर पत्नी से पुलिस को कॉल करने को कहा। रामनरेश ने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर मिल गई जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।