बांदा। औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल नंदी ने शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा की। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने बिजली विभाग को खराब ट्रांसफार्मर तत्काल दुरुस्त कराने का आदेश दिया।
मंत्री ने धान खरीद पर संतोष जताया और कहा कि अब तक 25 हजार मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। गांवों में सघन सफाई अभियान जारी रखने और प्रमुख चौराहों पर सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक शुक्रवार को विकासखंडों में पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और किसान सम्मान निधि के पात्रों के चयन के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और उद्यमी योजना के लाभार्थियों को लाभ दिलाने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने गोशालाओं के निरीक्षण, गोवंश के टीकाकरण और ओवरलोड वाहनों की जांच के निर्देश दिए। भाजपा कार्यालय में उन्होंने विकसित भारत - गारंटी, रोजगार और आजीविका मिशन को ग्रामीण रोजगार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। इस मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को मिलने वाले रोजगार को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, और भुगतान में देरी पर ब्याज सहित भुगतान सुनिश्चित होगा।