बांदा। शहर के मवई बाईपास चौराहे पर आयोजित हनुमंत कथा के दूसरे दिन शनिवार को बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को धर्म का साक्षात प्रतिमूर्ति बताया। कहा कि दीन-हीन की मदद, दूसरे को प्रसन्नता देना ही सच्चा धर्म है।
उन्होंने मंच से अहिंसा परमो धर्म: की सीख देते हुए कहा कि जो धर्म की रक्षा करता है उसकी रक्षा स्वयं धर्म करता है। हनुमान चालीसा और सुंदरकांड की चौपाइयों से संकटमोचन वीर बजरंगबली की गाथा सुनाई। वहीं रविवार को तीसरे दिन कथा पंडाल में ही दिव्य दरबार दोपहर 12 बजे लगाया जाएगा।
हनुमंत कथा के दूसरे दिन बागेश्वरधाम सरकार ने रोचक कथाओं के जरिए धर्म का महत्व समझाया और सभी को सनातन संस्कृति की रक्षा का संकल्प दिलाया। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मनुष्य को अपना जीवन भगवान को समर्पित करने की सीख देते हुए कहा कि मनुष्य तो अपने लिए बेहतर ही सोचता है, लेकिन परमात्मा अपने भक्त के लिए बेहतरीन सोचते हैं।
उन्होंने मौजूदा पारिवारिक स्थितियों पर चर्चा करते हुए कहा कि पति-पत्नी का रिश्ता भरोसे की मजबूत डोर पर टिका होता है। परिवार में पति-पत्नी के बीच विश्वास और भरोसे का रिश्ता कायम हो तो घर स्वर्ग से भी सुंदर बन जाता है लेकिन जिस रिश्ते में विश्वास का अभाव हो वहां जीवन नरक से बदतर होता है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि रील के चक्कर में भारत का चरित्र खराब हो रहा है। परिवारों के टूटने और तलाक के बढ़ते मामलों के लिए सोशल मीडिया को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया में धोखे के मित्रों के साथ लोग अपना हंसता खेलता परिवार तोड़ने का आतुर हो रहे हैं।
उन्होंने जीवन को सार्थक बनाने के लिए गुरुकृपा को महत्वपूर्ण बताया। कहा कि खुद के प्रभाव या गुरुकृपा के बल पर ही भगवान की कृपा प्राप्त हो सकती है। एक सच्चा व अच्छा गुरु रंक को भी राजा बनाने की शक्ति रखता है। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर ने स्वामी एकनाथ की कथा सुनाकर जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा दी।
मंत्रियों व विधायकों का लगा जमावड़ा
शहर के मवई बाईपास चौराहे पर आयोजित बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा सुनने के लिए जनपद समेत आसपास के सभी जिलों समेत पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के लाखों श्रद्धालु उमड़े। वहीं शनिवार को कथा के दूसरे दिन प्रदेश सरकार के मंत्रियों व विधायकों ने भी कथास्थल पहुंचकर कथा का रसपान किया और बागेश्वर धाम सरकार का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास व जिले के प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, एमएलसी जितेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य वीआईपी श्रद्धालुओं ने आमजन के साथ जमीन पर बैठकर कथा का रसपान किया।
फोटो - 30 कथास्थल पर लगा श्रद्धालुओं का हुजूम। स्त्रोत : आयोजक
फोटो - 30 कथास्थल पर लगा श्रद्धालुओं का हुजूम। स्त्रोत : आयोजक